शहीद भगत सिंह की जयंती पर युवाओं ने किया रक्तदान, ‘एक दिन वीर भगत सिंह के नाम’ अभियान के तहत लगा शिविर
रतलाम। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती के अवसर पर NEYU छात्र संगठन द्वारा ‘एक दिन वीर भगत सिंह के नाम’ अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।

शिविर में युवाओं ने रक्तदान को जरूरतमंद मरीजों की मदद का माध्यम बताते हुए बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान रक्तदाताओं ने सामाजिक सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ जरूरत के समय मरीजों के काम आने का संकल्प लिया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित शिविर में संगठन के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य भगत सिंह के देशसेवा और त्याग के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने के साथ समाजसेवा के लिए प्रेरित करना रहा।

