BAP में इस्तीफे का झटका: रतलाम शहर अध्यक्ष मीणा ने छोड़ा पद, अब नए चेहरे की तलाश! बोले-कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करता रहूंगा

BAP में इस्तीफे का झटका: रतलाम शहर अध्यक्ष मीणा ने छोड़ा पद, अब नए चेहरे की तलाश! बोले-कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करता रहूंगा

रतलाम। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के रतलाम शहर अध्यक्ष छगनलाल मीणा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष को पत्र सौंपकर रतलाम शहर अध्यक्ष पद से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है। मीणा के अचानक इस्तीफे से रतलाम की राजनीति में हलचल मच गई है। मीणा ने इस्तीफे की प्रतिलिपि पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
छगनलाल मीणा ने पत्र में बताया कि वे पिछले करीब तीन वर्षों से भारत आदिवासी पार्टी के रतलाम शहर अध्यक्ष के रूप में दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। अब उनका तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के साथ ही पारिवारिक एवं व्यावसायिक जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। इन्हीं कारणों से वे अध्यक्ष पद का दायित्व आगे निरंतर रूप से निभाने में असमर्थ हैं।
उन्होंने अपने इस्तीफे में स्पष्ट किया है कि पद से मुक्त होने के बाद भी पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से इस्तीफा स्वीकार कर अध्यक्ष पद के दायित्व से मुक्त करने का अनुरोध किया है।
शहर संगठन में नए अध्यक्ष को लेकर नजरें
छगनलाल मीणा के इस्तीफे के बाद अब रतलाम शहर में भारत आदिवासी पार्टी के संगठनात्मक नेतृत्व को लेकर पार्टी के अगले कदम पर नजर रहेगी। हालांकि, नए शहर अध्यक्ष के नाम को लेकर फिलहाल पार्टी के वरिष्ठ  नेताओं ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी हे।