30 को त्रिवेणी तट पर होगा डोंगरे महाराज की प्रतिमा का अनावरण, आज कलश यात्रा के साथ शुरू हो रही भागवत कथा

रतलाम : श्री बद्रीनारायण सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में 24 से 30 अप्रैल तक श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ और पंडित रामचंद्र डोंगरेजी महाराज की प्रतिमा अनावरण समारोह होगा। इस मौके पर महर्षि उत्तम स्वामीजी त्रिवेणी मेला ग्राउंड में दोपहर तीन से छह बजे तक श्रद्धालुओं को कथा श्रवण करवाएंगे। उत्तम स्वामीजी का बुधवार शाम शहर आगमन हुआ।
प्रतिमा अनावरण के पहले सात दिवसीय भागवत कथा का आयोजन होगा। महर्षि उत्तम स्वामी 24 से 30 अप्रैल तक कथा श्रवण करवाएंगे। कथा शुभारंभ से पहले सुबह नौ बजे माणकचौक स्थित गोपालजी का बड़ा मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो प्रमुख मार्गों से होकर त्रिवेणी मेला ग्राउंड कथा स्थल पहुंचेगी। आरती कर प्रसाद का वितरण किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर तीन से छह बजे तक होगी। 25 अप्रैल को हिरण्याक्ष वध, मनु कर्दम संवाद, 26 अप्रैल को ध्रुव, प्रहलाद चरित्र, जड़ भरत आख्यान, 27 अप्रैल को श्री रामावतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 28 अप्रैल को श्रीकृष्ण बाल लीला व रुक्मणि विवाह, 29 अप्रैल को गोपी-उद्धव संवाद, 30 अप्रैल को श्री सुदामा चरित्र, श्री परीक्षित मोक्ष, श्री व्यास पूजन, हवन के साथ कथा का विश्राम होगा। दोपहर एक बजे महाप्रसादी का आयोजन होगा। इससे पहले सुबह 9.15 बजे त्रिवेणी तट पर पंडित रामचंद्रजी डोंगरे महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
मां कालिका के दर्शन किए
पंडित रामचंद्रजी डोंगरे महाराज की प्रतिमा राजस्थान के तलवाड़ा में बनवाई गई है, जो छह माह पहले बनकर तैयार हो गई है। सफेद मार्बल से बनी चार फीट की प्रतिमा माणकचौक स्थित श्री गोपालजी का बड़ा मंदिर में रखी गई है। प्रतिमा त्रिवेणी तट महादेव मंदिर के पास स्थापित की जाएगी। भागवत कथा के लिए 200 गुणा 100 वर्गफीट में डोम तैयार किया गया। बुधवार शाम महर्षि उत्तम स्वामीजी का आगमन हुआ। सर्वप्रथम उन्होंने शहर के प्राचीन श्री कालिका माता मंदिर पहुंचकर दर्शन-वंदन किए। इस दौरान समाजसेवी अनिल झालानी, संजय चौधरी आदि उपस्थित रहे।