वर्किंग को लेकर रेलवे के रनिंग कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी, बोले-किसी कीमत पर बडोदरा मंडल का लोको पायलट व अन्य रतलाम मंडल में नही आएगा

रतलाम। वर्किंग को लेकर वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन और वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ रतलाम मंडल का संयुक्त प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष हृदेश पांडे, मंडल मंत्री मनोहरसिंह बारठ, मजदूर संघ मंडल अध्यक्ष प्रताप गिरी, मंडल मंत्री अभिलाष नागर के नेतृत्व में जारी है। 11वें दिन रनिंग कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। गुरुवार शाम लाबी पर प्रदर्शन प्रारंभ हुआ।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि किसी भी कीमत पर वड़ोदरा मंडल का लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर रतलाम मंडल में नहीं आएगा। पूर्व में प्रशासन ने चार अप्रैल को बैठक की बात कही थी, जो स्थगित कर नौ अप्रैल को रखी गई है। दोनों ही मान्यता प्राप्त संगठन ने विरोध जताते हुए कहा कि रतलाम मंडल के पक्ष में निर्णय नहीं आता है तो क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी। प्रदर्शन में प्रमुख मांग वड़ोदरा मंडल के लोको पायलट को रतलाम मंडल की मालगाड़ी संचालन नहीं करने देना है। यांत्रिक शाखा सचिव कुलदीपसिंह चौहान, यातायात शाखा सचिव हेमंत मिश्रा, उपाध्यक्ष मनीष यादव, अशोक तिवारी, धीरज प्रजापति, रोहित कनौजिया के अलावा रनिंग कर्मचारी प्रदर्शन में उपस्थित रहे। जानकारी वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन मंडल प्रवक्ता अशोक तिवारी ने दी।