15 दिन तक धमकाते रहे, फिर सराफा व्यापारी के घर पर कर दी फायरिंग; बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक सहित कई लोगों पर आरोप

15 दिन तक धमकाते रहे, फिर सराफा व्यापारी के घर पर कर दी फायरिंग; बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक सहित कई लोगों पर आरोप

रतलाम। रतलाम के सैफी नगर में सराफा व्यापारी के घर पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग के मामले में नए खुलासे सामने आए हैं। व्यापारी परिवार का आरोप है कि एमसीएक्स ट्रेडिंग विवाद में पिछले 15 दिनों से लगातार धमकियां दी जा रही थीं और रुपए नहीं देने पर गोली चलाने की चेतावनी भी दी गई थी। व्यापारी ने आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम में बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक विनोद उर्फ वीनू शर्मा सहित कुछ अन्य लोगों की भूमिका रही है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और जल्द खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

शहर में सराफा व्यापारी कमल सोनी के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी है। घटना के बाद सामने आए तथ्यों से पता चला है कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी, बल्कि पिछले पंद्रह दिनों से व्यापारी परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही थीं। परिवार का आरोप है कि एमसीएक्स (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) कारोबार से जुड़े विवाद में एक करोड़ रुपए की मांग की जा रही थी और इसी दबाव के चलते बदमाशों ने शुक्रवार को घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।

सराफा व्यापारी कमल सोनी ने बताया कि मेरी चांदनी चौक में गणेश ज्वैलर्स नाम से दुकान है। सीसीटीवी फुटेज में आया है कि शुक्रवार दोपहर 3:15 बजे दो बाइक से चार नकाबपोश बदमाश आए। आगे वाली बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पिस्टल निकाली और मेन गेट की खिड़की पर फायर किया। फिर चारों वहां से भाग निकले। जब गोली चली तो पत्नी मनीषा खिड़की के पास खड़ी थी लेकिन गोली चलते ही वह नीचे झुक गई। इससे उसकी जान बच गई। घर के अंदर से गोली का खोखा मिला है। इस घटना से हमारे पूरे परिवार में दहशत बनी हुई है। सूचना पर तत्काल एएसपी राकेश पंद्रो व सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, टीआई अनुराग यादव साइबर सेल टीम के साथ पहुंचे। उनके भागने वाले रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

व्यापारी कमल सोनी ने बताया कि आदित्य सोमानी ने 6 जून 2026 से गुंडे भेजना शुरू कर दिए थे। सबसे पहले वीनू शर्मा आया और कहने लगा रुपए तो देना पड़ेंगे, नहीं तो तुम्हारे घर पर गोली चलेगी। सरवन थाने एफआईआर करवाने गए थे तो वहां आदित्य के बड़े भाई सौरभ ने मुझे धमकी दी थी कि रुपए तो देना पड़ेंगे, नहीं तो यहां से सुरक्षित नहीं जा सकोगे। फिर सरवन पुलिस ने मुझे पुलिस प्रोटेक्शन में सैलाना तक भिजवाया। 6 जून को 6-7 लोग मेरे घर तक आए थे, उसमें वीनू शर्मा शामिल था। उसके बाद 13 जून और 17 जून को भी कुछ बदमाश धमकी देकर गए थे। वीनू को हथियार के साथ पकड़ाने के मामले में तीन साल की सजा हो चुकी है। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है।व्यापारी कमल सोनी ने बताया कि मेरे तीन बेटे अमित, अश्विन और दिव्यांश हैं। दिव्यांश (26) ने सरवन थाने में वहीं के निवासी आदित्य पिता राजेश सोमानी के खिलाफ गुरुवार शाम को एफआईआर दर्ज करवाई है। इसमें बताया है कि मेरे दोस्त आदित्य ने शेयर मार्केट का काम सिखाने का कहा और मेरे मोबाइल पर मेटा ट्रेडर-5, ग्लोबल ट्रेड एप डाउनलोड करवाए। इन पर मैं आदित्य के बताए अनुसार व्यापार करता था। उसने मुझे विश्वास दिलाया कि यह पूरा काम लीगल है। मैंने कई बार आदित्य को रुपए दिए और जो व्यापार किया उसकी वाट्सएप चैट मेरे पास है। कई बार उसने रुपए लिए और दिए भी। अब आदित्य कहता है कि जो रुपए शेयर मार्केट में लगाए थे वह डूब गए हैं। वह मुझसे एक करोड़ रुपए मांग रहा है जबकि मैं पत्नी के गहने बेचकर उसे 35 लाख रुपए दे चुका हूं। आदित्य से मुझे रुपए दिलवाए जाएं।

व्यापारी ने बताया कि गुरुवार रात को 11:30 बजे घर के बाहर खड़ी हमारी कार का कुछ बदमाश कांच फोड़ गए थे। पड़ोसी ने कॉल किया तो हमें पता चला। आशंका है कि इन्हीं बदमाशों ने हमें डराने के लिए यह किया होगा। रतलाम (Ratlam) एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि सुरक्षा के लिए व्यापारी के घर पर बल लगाया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेंगे।