नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर महिला कांग्रेस ने सीएम का पुतला फूंका, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रतलाम। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस के देशव्यापी और प्रदेशव्यापी आह्वान पर गुरुवार को रतलाम शहर महिला कांग्रेस ने तीखा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने से आक्रोशित महिला कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संवैधानिक मूल्यों के पूरी तरह खिलाफ बताया। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया और बाद में महू रोड स्थित फव्वारा चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया।

प्रदेश उपाध्यक्ष यास्मीन शेरानी के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में एकत्रित होकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन कथित रूप से नियमों के विपरीत जाकर द्वेषपूर्ण तरीके से निरस्त किया गया है। इस कार्रवाई ने
देश की निष्पक्ष एवं पारदर्शी
चुनाव प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित करने की मांग की है। कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के तुरंत बाद आंदोलित कार्यकर्ता महू रोड स्थित फव्वारा चौक पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एहतियात के तौर पर दो फायर ब्रिगेड वाहनों को भी तैनात रखा गया था, लेकिन भारी पुलिस बंदोबस्त के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन निरस्त किए जाने के फैसले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच हो। लोकतांत्रिक और स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को हर हाल में बहाल रखा जाए। संविधान द्वारा महिलाओं को दिए गए राजनीतिक अधिकारों और गरिमा की रक्षा के लिए राष्ट्रपति तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप करें।
