जावरा में पोल्ट्री फार्म में चल रही थी ड्रग्स फैक्ट्री, md बनाने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, आधी रात को एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री पर दबिश,4 आरोपी हिरासत में

जावरा में पोल्ट्री  फार्म में चल रही थी ड्रग्स  फैक्ट्री, md बनाने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, आधी रात को एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री पर दबिश,4 आरोपी हिरासत में

रतलाम। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एमडी (MDMA) ड्रग निर्माण नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुख्य सरगना जमशेद खान उर्फ “जमशेद लाला” उर्फ “डॉक्टर” सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और जावरा एसडीओपी  संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना पिपलोदा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर अवैध रूप से संचालित सिंथेटिक ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ।

पोल्ट्री फार्म में चल रही थी ड्रग्स फैक्ट्री

एसपी अमित कुमार ने मंगलवार दोपहर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के नेतृत्व में सायबर सेल, पिपलोदा, जावरा शहर और औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाने की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात दबिश दी। मौके पर चार आरोपी केमिकल से एमडी तैयार करते मिले, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

एसपी अमित कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी जमशेद लाला अंतरराज्यीय स्तर का अनुभवी एमडी निर्माता है। ड्रग की दुनिया में जिस व्यक्ति को एमडी बनाना आता है, उसे “डॉक्टर” कहा जाता है, और जमशेद को भी इसी नाम से जाना जाता है। उसके खिलाफ राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में चार प्रकरण दर्ज हैं।

बड़ी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त

पुलिस ने मौके से 200 ग्राम तैयार एमडी (कीमत करीब 20 लाख रुपये), 900 ग्राम 2-ब्रोमो-4 मिथाइल प्रोपिओफेनोन, 140.48 किलो एमडीसी केमिकल, 35.600 किलो एचसीएल सहित गैस सिलेंडर, भट्टी, ड्रायर मशीन, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

3 किलो एमडी की सप्लाई का भी खुलासा

पूछताछ में यह भी सामने आया कि दबिश से एक दिन पहले ही करीब 3 किलो एमडी एक पार्टी को सप्लाई की गई थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
कार्रवाई में रईस खान, युसूफ खान, सलीम उर्फ राजू और जमशेद खान उर्फ सेठ को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

आरक्षक बालकृष्ण की रही अहम भूमिका

इस पूरे मामले के खुलासे में पिपलोदा थाने पर पदस्थ आरक्षक बालकृष्ण की विशेष भूमिका रही, जिनकी सूचना और सतर्कता से यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी।पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई के लिए पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस अभी पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।


बाइट अमित कुमार एसपी